Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » श्री सिद्ध पीपल वाले महादेव मंदिर में विधि-विधान से हुई नर्मदेश्वर महाराज की प्राण प्रतिष्ठा

श्री सिद्ध पीपल वाले महादेव मंदिर में विधि-विधान से हुई नर्मदेश्वर महाराज की प्राण प्रतिष्ठा

फिरोजाबाद। मंगलवार को लेबर कॉलोनी स्थित श्री सिद्ध पीपल वाले महादेव रामलीला मंदिर में नर्मदेश्वर महाराज एवं नंदी महाराज की प्राण प्रतिष्ठा विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर तीन दिवसीय विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान भोलेनाथ की आराधना की गई। मंदिर समिति के सदस्य पंकज भारद्वाज ने बताया कि श्रावण मास में भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व होता है। इस मास में भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, ऐसे में संपूर्ण सृष्टि का संचालन भगवान भोलेनाथ के द्वारा किया जाता है। इस अवसर पर महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि पहले पूजा-अर्चना को रोका जाता था, कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाई जाती थी। लेकिन जब से प्रदेश में योगी आदित्यनाथ जी की सरकार आई है, तब से शिवभक्तों द्वारा कांवड़ यात्रा बड़े ही धूमधाम से निकाली जा रही है। प्रशासन द्वारा भक्तों को मार्ग में हर सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आज नगर की गलियों में “हर-हर महादेव” के जयकारे गूंजते हैं। महिला सुरक्षा समिति की संरक्षिका मधुरिमा वशिष्ठ ने बताया कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है। श्रावण मास में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। गर्भगृह में स्थान की कमी के कारण अभिषेक में कठिनाई होती थी। श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए नर्मदेश्वर महाराज की प्राण प्रतिष्ठा की गई है, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकें। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में मंदिर के महंत रमेश आनंद गिरि, भाजपा नगर पूर्व अध्यक्ष राकेश शंखवार, श्रीनिवास शर्मा, योगेंद्र गुप्ता, लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रदीप भारद्वाज, रामवीर शर्मा, धर्मेंद्र शर्मा, अनार सिंह यादव, यशपाल यश, राकेश त्रिपाठी, गौरीशंकर शर्मा, विजय पाल सिंह, मोहित सिंह, मुकेश शुक्ला, मीरा गुप्ता, मंजू भारद्वाज, ओमलता सिंह, नीलम पोरवाल, पिंकी पाराशर आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।