रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से अब तक अतिक्रमण हटाने की गई कार्रवाई की जानकारी ली और निर्देश दिया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पुनः अतिक्रमण न हो सके। उन्होंने कहा कि रोड डायवर्जन के दौरान सुरक्षा मानकों का पूर्ण ध्यान रखा जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिले के सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर समय पर मरम्मत कार्य पूरा किया जाए, जिससे संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। स्पीड ब्रेकरों के निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया। हिट एंड रन मामलों में डीएम ने निर्देश दिया कि नियमानुसार त्वरित कार्रवाई हो और प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। साथ ही लंबित प्रकरणों का समय से निस्तारण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, ईओ नगर पालिका स्वर्ण सिंह, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रवर्तन विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
Jansaamna