फिरोजाबाद। शिकोहाबाद क्षेत्र के नेशनल हाईवे किनारे स्थित माया हॉस्पिटल में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों के विरोध और हंगामे के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार, प्रेम किशोर की पत्नी रविता को आशा कार्यकर्ता के माध्यम से माया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में रविता का सीजर ऑपरेशन हुआ, जिसके बाद उन्होंने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के कुछ समय बाद ही उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल स्टाफ उन्हें आगरा ले जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल स्टाफ ने प्राइवेट एम्बुलेंस में शव छोड़ दिया और अस्पताल में ताला लगाकर फरार हो गया। इस घटना से आक्रोशित परिजन शव को दोबारा अस्पताल लेकर पहुंचे और वहां जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने शव को शिकोहाबाद जिला संयुक्त चिकित्सालय भिजवा दिया, जिससे नाराज परिजनों ने माया हॉस्पिटल पर पथराव किया और सड़क पर जाम लगा दिया। एक महिला परिजन ने नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर लेटकर रास्ता रोक दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। थानाध्यक्ष अनुज कुमार राणा के समझाने की कोशिशों के बावजूद परिजन काफी देर तक उग्र बने रहे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुल सका। गुरुवार को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. गजेंद्र पाल सिंह स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मौके का निरीक्षण करने के बाद माया हॉस्पिटल को सील करने का आदेश दिया। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
Jansaamna