फिरोजाबाद। फिरोजाबाद व्यापार मंडल (पंजीकृत) ने जीएसटी विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों का कहना है कि जीएसटी नियमों में हो रहे बदलाव और अमल की प्रक्रिया व्यापारियों के लिए कठिनाई का कारण बन रही है। जिलाध्यक्ष पंडित रविंद्रलाल तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय स्थित वाणिज्य विभाग कार्यालय में जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त धर्मेंद्र बहादुर को ज्ञापन सौंपा। यह प्रतिनिधिमंडल प्रांतीय अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा के आह्वान पर एकत्र हुआ था। व्यापारियों ने ज्ञापन में B2B और B2C लेन-देन के लिए अलग-अलग HSN समरी की अनिवार्यता को अनुचित बताया। इसके साथ ही, 2019-20 से 2023-24 तक की अवधि में हुई जीएसटी ऑडिट प्रक्रिया को भी सवालों के घेरे में लिया गया। प्रतिनिधियों ने एसआईबी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन ब्रांच) की छापेमारी का विरोध करते हुए कहा कि व्यापारियों को 15 दिन का पूर्व नोटिस दिया जाना चाहिए और फिजिकल ऑडिट के लिए पहले से अनुमति ली जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान प्रणाली में पारदर्शिता और व्यापारियों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है। ज्ञापन देने वालों में महानगर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री रामबाबू झा, राजेश अग्रवाल, अर्जेश उपाध्याय, परशुराम लालवानी, दिनेश यादव, मुफीद खां, राकेश शर्मा, शुभम राजपूत, देश दीपक यादव, राजपाल यादव सहित अनेक व्यापारी प्रतिनिधि शामिल रहे।
Jansaamna