हाथरस। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता चौधरी के पति एवं लोकसभा के पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर हाथरस नगर के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने हाथरस नगर की सीमाओं में हाल ही में जुड़े नए क्षेत्रों की समस्याओं और समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना बनाए जाने की मांग रखी। राजेश दिवाकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि अमृत योजना जैसी राज्य और केंद्र सरकार की कई विकास योजनाओं का लाभ अब तक इन नए क्षेत्रों तक नहीं पहुंच पाया है। इन इलाकों में पेयजल, सड़क, सीवर लाइन, पार्क जैसी बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है। उन्होंने विशेष बजट और पृथक विकास योजना की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्व सांसद ने नगर में बेहतर सफाई व्यवस्था और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि तेजी से फैलते शहरी क्षेत्र को सुव्यवस्थित बनाने के लिए स्थायी समाधान आवश्यक है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और राज्य सरकार हाथरस नगर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। राजेश दिवाकर ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि हाथरस को ‘वृज की द्वार देहरी’ कहा जाता है। यहां स्थित प्रसिद्ध दाऊजी महाराज मंदिर में पिछले 110 वर्षों से लक्खी मेला आयोजित होता आ रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालु देशभर से पहुंचते हैं। उन्होंने किला परिसर स्थित मेला स्थल के सौंदर्यीकरण और अन्य धार्मिक स्थलों के संरक्षण की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। गौरतलब है कि वर्ष 2014 से 2019 तक योगी आदित्यनाथ और राजेश दिवाकर लोकसभा में सहसांसद रहे हैं। वर्ष 2018 में दिवाकर के आग्रह पर मुख्यमंत्री योगी ने हाथरस आकर बहुप्रतीक्षित तालाब ओवरब्रिज का शिलान्यास भी किया था। पूर्व सांसद ने मुलाकात के बाद बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नगर की समस्याओं को लेकर बेहद गंभीर हैं और उन्होंने आश्वस्त किया है कि हाथरस नगर के विकास हेतु हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
Home » मुख्य समाचार » पूर्व सांसद राजेश दिवाकर ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात, हाथरस नगर विकास के लिए रखे महत्वपूर्ण प्रस्ताव
Jansaamna