रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारख़ाना (आरेडिका), रायबरेली के चिकित्सालय द्वारा बच्चों के समग्र स्वास्थ्य मूल्यांकन एवं जागरूकता हेतु ज्ञानदा बाल मंदिर विद्यालय में दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन 22 से 23 जुलाई 2025 तक किया गया। इस शिविर में कुल 274 बच्चों का शारीरिक, दंत एवं पोषण संबंधी परीक्षण किया गया। शिविर में डॉ. मनीष कुमार, मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ, ने बच्चों की शारीरिक एवं मानसिक विकास की स्थिति की जांच की। डॉ. आकांक्षा, दंत चिकित्सक, ने मौखिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित पहलुओं की गहन जांच की और आवश्यक सलाह दी।
वहीं, डॉ. भूमिका सिंह, आहार विशेषज्ञ, ने बच्चों की आयु, ऊंचाई और वजन के अनुसार उपयुक्त डाइट चार्ट प्रदान किए, जिससे उनकी पोषण संबंधी जरूरतों को संतुलित किया जा सके। आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा भारती मिश्रा ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन कर उन्हें स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे भविष्य में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए सजग रह सकें। इस अवसर पर महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं, विद्यालय की अध्यापिकाएं और आरेडिका चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर को विद्यालय एवं अभिभावकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई और बच्चों के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना गया।
Home » मुख्य समाचार » आरेडिका चिकित्सालय द्वारा ज्ञानदा बाल मंदिर विद्यालय में दो दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन
Jansaamna