ऊंचाहार, रायबरेली। लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर ऊंचाहार रेलवे क्रॉसिंग के नीचे बने ओवर ब्रिज के सर्विस रोड न बनने से उत्पन्न समस्या से परेशान क्षेत्र वासियों को नगर पंचायत ने राहत दी है। सड़क पर पांच फुट तक गहरे गड्ढों में रोजाना वाहन पलटने की घटनाएं होती थीं। गुरुवार को नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने इन गड्ढों को पटवाकर राख और गिट्टी से भराई करवाई है। ज्ञात हो कि लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर ऊंचाहार नगर के रेलवे क्रॉसिंग में ओवर ब्रिज बन जाने के बाद सर्विस रोड और नाली का निर्माण नहीं कराया गया था। इसके कारण सर्विस रोड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। यह सर्विस रोड एनटीपीसी और सलोन के लिए आवागमन का प्रमुख मार्ग है, साथ ही ऊंचाहार नगर के भी लोगों का मुख्य आवागमन इसी रास्ते से होता है। इस सड़क पर बड़े गड्ढों के कारण कई वाहन पलटने की घटनाएं हो रही थीं, जिनमें लोग चोटिल भी होते थे। जल निकासी न होने के कारण रोड पर घुटनों तक पानी जमा रहता था, जिससे समस्या और गंभीर हो गई थी। नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने जेसीबी मशीन से इस सर्विस रोड के गड्ढों को पाटा और राख व गिट्टी डालकर सड़क को समतल कराया ताकि आवागमन करने वाले वाहन दुर्घटना से बच सकें। नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि कृष्ण चंद्र जायसवाल ने बताया कि इस सड़क की मरम्मत राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण या लोक निर्माण विभाग द्वारा कराई जानी है, लेकिन क्षेत्रवासियों की समस्याओं को देखते हुए उप जिला अधिकारी से बातचीत के बाद इसे चलने लायक बनाया गया है।
Jansaamna