Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » बिना मान्यता संचालित दर्जनों विद्यालयों में से सिर्फ दो विद्यालय को प्रशासन ने किया सील

बिना मान्यता संचालित दर्जनों विद्यालयों में से सिर्फ दो विद्यालय को प्रशासन ने किया सील

रायबरेली। बृहस्पतिवार को रोहनिया ब्लॉक क्षेत्र के उमरन और रसूलपुर में अवैध रूप से संचालित दो विद्यालयों पर सीलबंदी की कार्रवाई की गई। उपजिलाधिकारी ऊंचाहार के नेतृत्व में तहसील स्तरीय टीम के सदस्यों, खंड शिक्षा अधिकारी रोहनिया और कोतवाली सलोन की पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्यवाही की गई। अवैध रूप से संचालित सनराइज कॉन्वेंट स्कूल (उमरन) और केशव राम पब्लिक स्कूल (रसूलपुर) का संचालन बंद कराकर इन्हें सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चल रहे बिना मान्यता प्राप्त अन्य विद्यालय संचालकों में हड़कंप मच गया है। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि पहले भी तहसील स्तरीय टीम द्वारा उक्त अमान्य विद्यालयों का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण में विद्यालय बिना मान्यता संचालित पाए गए थे, जिस पर संचालन बंद कर भविष्य में बिना मान्यता संचालन न करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन प्रबंधकों ने मनमानी करते हुए विद्यालय संचालन जारी रखा। विभाग द्वारा लगातार नोटिस दिए जाने के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को टीम ने पुनः कार्रवाई कर विद्यालयों को सील कर दिया। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई विद्यालय बिना मान्यता संचालित पाया गया तो उस पर एक लाख रुपए तक का जुर्माना और प्रतिदिन दस हजार रुपए की कार्यवाही की जाएगी। क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित विद्यालयों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संचालन करते मिले तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।