Friday, March 6, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » आगरा मंडल में जनवरी से जून 2025 तक 1441 लोगों पर अलार्म चेन खींचने (ACP) पर कार्यवाही, ₹1.24 लाख जुर्माना वसूला

आगरा मंडल में जनवरी से जून 2025 तक 1441 लोगों पर अलार्म चेन खींचने (ACP) पर कार्यवाही, ₹1.24 लाख जुर्माना वसूला

आगरा। मंडल रेल प्रबंधक तेज प्रकाश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आगरा मंडल द्वारा यात्रियों की सुविधा बनाए रखने हेतु लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में माह जनवरी 2025 से जून 2025 तक बिना उचित कारण ट्रेन का अलार्म चेन (ACP) खींचने के मामलों में कुल 1441 यात्रियों पर कार्रवाई करते हुए ₹1,24,050 का जुर्माना वसूला गया। आगरा मंडल द्वारा रेल यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के संयुक्त अभियान के तहत सघन चेकिंग चलाई जा रही है, जिसमें विभिन्न स्टेशनों पर बड़ी संख्या में चेन पुलिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के अंतर्गत आगरा छावनी रेलवे स्टेशन पर 460, आगरा किला स्टेशन पर 58, मथुरा जंक्शन पर 768 और धौलपुर स्टेशन पर 53 मामलों में यात्रियों पर कार्यवाही कर जुर्माना वसूला गया। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बिना किसी वैध कारण के चेन पुलिंग न करें, क्योंकि यह एक दंडनीय अपराध है। ऐसा करने से ट्रेन संचालन प्रभावित होता है और अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है। रेलवे ने चेतावनी दी है कि आगे भी ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।