फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने राजकीय मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की ओपीडी सेवाओं, प्रसूति विभाग तथा दवाओं की उपलब्धता का निरीक्षण किया और मरीजों से सीधा संवाद किया। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने निरीक्षण के दौरान महिला मरीजों एवं उनके तीमारदारों से संवाद करते हुए कहा कि अस्पताल में सभी दवाएं मिल रही हैं और बाहर की दवा तो नहीं लिखी जा रही है। इस पर सभी ने संतोष व्यक्त किया। उपाध्यक्ष ने अस्पताल में मरीजों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा गंभीर मरीजों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त छात्राओं की शैक्षणिक एवं व्यावहारिक कक्षाओं का नियमित फीडबैक लेने के निर्देश जारी किए। इसके बाद राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सखी वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण करते हुए आवास, भोजन व सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंटर में रह रही युवतियों व महिलाओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली। उपाध्यक्ष ने कहा कि काउंसलर्स को चाहिए कि वे बच्चियों की बार-बार काउंसलिंग करें, ताकि वे शिक्षा, जीवन के महत्व और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को समझ सकें तथा अपने परिजनों के पास सुरक्षित लौट सकें।
Home » मुख्य समाचार » राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, देखीं व्यवस्थाएं
Jansaamna