हाथरस। शहर में भारी मात्रा में भारतीय मुद्रा के सिक्के बरामद होने के मामले में कोतवाली सदर पुलिस ने स्टेशनरी कारोबारी नवीन समाधिया के खिलाफ कॉइनेज एक्ट, 2011 की धारा 12 एवं 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में कॉइनेज एक्ट के तहत दर्ज होने वाला यह पहला मामला माना जा रहा है। गौरतलब है कि 1 अगस्त को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने नयागंज स्थित आरोपी के आवास एवं प्रतिष्ठान पर छापेमारी की थी। कार्रवाई के दौरान 106 प्लास्टिक और टाट के कट्टों में एक, दो और पांच रुपये के भारतीय सिक्के बरामद हुए थे। कट्टों सहित इनका कुल वजन 5,666.3 किलोग्राम (करीब 5.6 टन) पाया गया था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में सिक्कों का मिलना सामान्य व्यापारिक गतिविधि नहीं माना जा सकता। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि सिक्के कहां से एकत्र किए गए, इन्हें कहां भेजा जाना था और इनके पीछे कौन-सा नेटवर्क सक्रिय है। उन्होंने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। आरोपी नवीन समाधिया की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जाएगी।
Jansaamna