➤ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, 450 मेधावियों को मिलेंगे स्वर्ण पदक
लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) का 11वां दीक्षांत समारोह 29 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर विद्यार्थियों को उपाधियां एवं स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने समारोह को भव्य एवं गरिमामय बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार दीक्षांत समारोह वर्ष 2023, 2024, 2025 एवं 2026 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है। स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी सहित इन चार वर्षों में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या करीब 8,300 है। इनमें से करीब 4,100 विद्यार्थी समारोह में शामिल होने के लिए अब तक पंजीकरण करा चुके हैं। विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल 16 अगस्त तक खुला रहेगा।
समारोह में करीब 390 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की जाएगी। वहीं, बहु-निकास (Multiple Exit) योजना के तहत करीब 220 विद्यार्थियों को डिग्री दी जाएगी। इसके अलावा करीब 450 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक तथा चार विद्यार्थियों को आरडी सोनकर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थी के शैक्षणिक जीवन का महत्वपूर्ण और यादगार पड़ाव होता है। यह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का भी क्षण है। उन्होंने कहा कि बीबीएयू के विद्यार्थी ज्ञान, नवाचार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उन्हें सक्षम एवं संवेदनशील नागरिक बनाना है, जो वैश्विक स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश के विकास में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने उपाधि एवं पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि माता-पिता, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विक्रम सिंह यादव ने बताया कि दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। सुरक्षा, अतिथि सत्कार, विद्यार्थियों के पंजीकरण, मंच संचालन, परिवहन सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Jansaamna