➤ अखिलेश के बयान पर डिप्टी सीएम का पलटवार, बोले- वोट के लिए याद आते हैं ब्राह्मण
लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए सपा पर ब्राह्मणों को लेकर ‘बांटो और राज करो’ की राजनीति करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया के माध्यम से जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि सपा नेताओं को ब्राह्मणों के वोट के लिए जनेश्वर मिश्र याद आते हैं, जबकि सत्ता में आने पर परिवारवाद हावी हो जाता है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि बेहतर होता कि समाजवादी पार्टी जनेश्वर मिश्र की जयंती का उपयोग उनके व्यक्तित्व और समाजवादी विचारों को लोगों तक पहुंचाने के लिए करती। उन्होंने आरोप लगाया कि जनेश्वर मिश्र के विचारों पर चर्चा करने के बजाय सपा नेताओं ने उन्हें कोसने और ब्राह्मण समाज को अपमानित करने का काम किया। डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा नेताओं का यह रवैया देखकर जनेश्वर मिश्र की समाजवादी आत्मा भी निश्चित रूप से दुखी होगी। उन्होंने कहा कि कुछ टिकटार्थियों के कारण पूरे ब्राह्मण समाज को अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने सपा नेताओं से कहा कि उन्हें चाहे जितनी आलोचना या गालियां दी जाएं, लेकिन ब्राह्मण समाज की गरिमा को ठेस न पहुंचाई जाए।
भटक चुकी है समाजवादी पार्टी
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समाजवादी पार्टी राममनोहर लोहिया और ‘छोटे लोहिया’ जनेश्वर मिश्र द्वारा दिखाए गए समाजवाद के रास्ते, आदर्शों और संस्कारों से पूरी तरह भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी कहा करते थे कि महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि उनके द्वारा स्थापित परंपराओं को आगे बढ़ाना है। ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि नई सपा में समाजवाद, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता दिखाई नहीं देती। उन्होंने संसद और उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सपा द्वारा किए गए विरोध-प्रदर्शन को भी निशाने पर लिया। कहा कि अनावश्यक और सिद्धांतहीन हंगामा दर्शाता है कि सपा समाजवाद में संवाद की परंपरा और संस्कारों को छोड़कर एक ‘हुड़दंगी गिरोह’ में बदल चुकी है।
Jansaamna