फिरोजाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर की ओर से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 13 अगस्त को प्रस्तावित भव्य तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर पंजाबी धर्मशाला में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में यात्रा को सफल एवं भव्य बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। महानगर अध्यक्ष डॉ. सतीश दिवाकर ने बताया कि 13 अगस्त को सुबह 10 बजे गांधी पार्क से द्वारिकाधीश मंदिर तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने यात्रा में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं के साथ ही आम नागरिकों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सदर विधायक मनीष असीजा और महापौर कामिनी राठौर ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। कार्यशाला में आनंद अग्रवाल, प्रमोदपाल बघेल, देवेश भारद्वाज, अंकित तिवारी, विवेक अग्रवाल, योगेंद्र यादव बाबा, आकाश गुप्ता, उपसभापति केशवदेव कुशवाह, श्याम सिंह यादव, विजय शर्मा, अनुपम शर्मा, रामलढेती लकी, मधुरिमा गुप्ता, रजत राठौर, उदय प्रताप सिंह, अजय गुप्ता, मनोरम प्रजापति, मनोज यादव, मुनेन्द्र यादव और सुरेश चंद्र दिवाकर सहित भाजपा पदाधिकारी एवं पार्षदगण मौजूद रहे।
Jansaamna