मथुरा। त्योहारों से पहले मिलावटी और अस्वच्छ मिठाइयों के खिलाफ खाद्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मथुरा और बरसाना में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों और आटा मिलों पर छापेमारी कर जांच की। बरसाना की एक मिठाई की दुकान पर करीब 400 किलो पेड़ा गंदगी में रखा मिला, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके साथ ही पेड़े, आटा और मैदा समेत छह नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मथुरा और बरसाना में अभियान चलाया। टीम ने विभिन्न आटा मिलों और खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान भोले शंकर राइस एंड जनरल मिल्स, अग्रवाल ट्रेडर्स, ओम एग्रोटेक, लक्ष्मी फ्लोर मिल और श्री गोवर्धन फ्लोर मिल से मैदा, रवा, तंदूरी आटा और गेहूं के आटे के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
400 किलो पेड़ा कराया नष्ट
बरसाना में मिठाई की दुकानों की जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम को बड़ी मात्रा में पेड़ा अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा मिला। मौके की स्थिति को देखते हुए करीब 400 किलो पेड़ा नष्ट करा दिया गया। टीम ने पेड़े के दो नमूने भी जांच के लिए सील किए हैं। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई विक्रेताओं में खलबली मच गई। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
लगातार जारी रहेगा अभियान
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी, दूषित और अस्वच्छ खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जांच के लिए भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं संदिग्ध मिठाई या अन्य खाद्य सामग्री दिखाई देती है तो इसकी सूचना विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Jansaamna