लखनऊ। अगर आपके मन में प्रकृति को बचाने का संकल्प है और उसे शब्दों में पिरोकर चिट्ठी के माध्यम से धरती मां तक पहुंचाना चाहते हैं, तो डाक विभाग आपको अपनी भावनाएं व्यक्त करने का मंच दे रहा है। डाक विभाग की ओर से ‘ढाई आखर पत्र लेखन अभियान 2026-27’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष अभियान का विषय “एक चिट्ठी धरती माँ के नाम: प्रकृति की रक्षा, मेरा वादा” रखा गया है। अभियान के तहत देशभर के नागरिक प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपने विचारों को हस्तलिखित पत्र के माध्यम से व्यक्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में केवल हस्तलिखित पत्र ही स्वीकार किए जाएंगे। पत्र हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में लिखा जा सकता है।
31 अक्टूबर तक भेज सकेंगे पत्र
प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों को अपना पत्र चीफ पोस्टमास्टर, लखनऊ जीपीओ, लखनऊ-226001 के पते पर भेजना होगा। पत्र प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त होने वाले पत्र प्रतियोगिता में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
चार श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता
डाक विभाग ने प्रतियोगिता को आयु और पत्र के प्रारूप के आधार पर चार श्रेणियों में बांटा है। 18 वर्ष तक की आयु के प्रतिभागी अंतर्देशीय पत्र कार्ड और लिफाफा श्रेणी में भाग ले सकेंगे। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागियों के लिए भी अंतर्देशीय पत्र कार्ड और लिफाफा श्रेणी रखी गई है। लिफाफा श्रेणी में पत्र अधिकतम 1000 शब्दों का होना चाहिए और इसे ए-4 आकार के कागज पर लिखा जा सकता है। अंतर्देशीय पत्र कार्ड श्रेणी में शब्द सीमा 500 शब्द निर्धारित की गई है।
मंडल स्तर पर 25 हजार, राष्ट्रीय स्तर पर 50 हजार का पुरस्कार
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। परिमंडल स्तर पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय पुरस्कार 10 हजार और तृतीय पुरस्कार 5 हजार रुपये दिया जाएगा। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 50 हजार, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इस तरह अपनी लेखनी के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार के साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का भी अवसर रहेगा।
आयु प्रमाण के साथ आधार कार्ड जरूरी
प्रतिभागियों के लिए आयु संबंधी घोषणा करना अनिवार्य किया गया है। पत्र पर यह लिखना होगा— “मैं यह प्रमाणित करता/करती हूं कि 01.01.2026 को मेरी आयु 18 वर्ष से कम/अधिक है।” इसके साथ आधार कार्ड भी संलग्न करना होगा। प्रतिभागियों को अपने पत्र में स्पष्ट डाक पता और मोबाइल नंबर भी अनिवार्य रूप से लिखना होगा, ताकि प्रतियोगिता से संबंधित आवश्यक सूचना उन तक पहुंचाई जा सके।
डाक विभाग ने की अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
चीफ पोस्टमास्टर, लखनऊ जीपीओ ने नागरिकों से ‘ढाई आखर पत्र लेखन’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पत्र लेखन केवल भावनाओं को व्यक्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समाज में जागरूकता फैलाने का भी प्रभावी जरिया है। अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी डाक विभाग की वेबसाइट पर प्राप्त की जा सकती है। इच्छुक प्रतिभागी चीफ पोस्टमास्टर, लखनऊ जीपीओ के फोन नंबर 0522-2237908 पर भी संपर्क कर सकते हैं। डाक विभाग का यह अभियान बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों को प्रकृति के प्रति अपने विचार और संकल्प कागज पर उतारने का अवसर देगा। एक चिट्ठी के जरिए धरती को बचाने का संदेश कितने लोगों तक पहुंचेगा, यह प्रतिभागियों की कलम तय करेगी।
Jansaamna