➤ थकान और नींद आने से चालक का बिगड़ा संतुलन, दो गंभीर घायलों को आगरा रेफर
हाथरस। हरिद्वार से लौट रहे एक परिवार की पिकअप शुक्रवार देर रात अनियंत्रित होकर सड़क की दूसरी दिशा में स्थित पीपल के पेड़ से जा टकराई। हादसे में पिकअप सवार 11 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल हाथरस पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले एक ही परिवार के लोग चार अगस्त को हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। चार दिनों तक इसी वाहन से यात्रा करने के बाद शुक्रवार रात सभी लोग वापस अपने गांव मलपुरा लौट रहे थे। रात करीब पौने दो बजे महमूद बरसे गांव के निकट वाहन संख्या यूपी 80 जीटी 2187 चला रहे रमन पुत्र चंद्रपाल, उम्र करीब 35 वर्ष, को थकान और नींद आने के कारण वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा। अनियंत्रित पिकअप सड़क की विपरीत दिशा में पहुंच गई और वहां खड़े पीपल के पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ जुट गई और हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक श्रीमती विपिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने राहगीरों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल हाथरस भेजा, जहां सभी का उपचार कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए इंद्रा पत्नी धर्मेंद्र और ऋतिक पुत्र सुनील को एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर कर दिया गया। हादसे में इंद्रा (42), दीपक (16), संजय (40), ऋतिक (15), आदि (13), रितु (12), धर्मेंद्र (42), चालक रमन (35), रेखा (28), पिंकी (38) और ओम (40) घायल हुए हैं। सभी घायल आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Jansaamna