Sunday, August 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » डीएम-एसपी ने हेलीकॉप्टर से किया कांवड़ मार्गों का हवाई सर्वेक्षण

डीएम-एसपी ने हेलीकॉप्टर से किया कांवड़ मार्गों का हवाई सर्वेक्षण

➤ शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर किया स्वागत, गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे

विश्व बंधु शास्त्री: बागपत। श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन पर्व पर ऐतिहासिक श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर, पुरा में आयोजित होने वाले मेले एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता से जुटा हुआ है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अस्मिता लाल एवं पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने हेलीकॉप्टर से जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की स्थिति, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, प्रकाश, स्वच्छता एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्त श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया। हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा होते ही कांवड़ मार्गों पर मौजूद शिवभक्तों में उत्साह की लहर दौड़ गई। श्रद्धालु इस विशेष स्वागत से भाव-विभोर नजर आए और हर-हर महादेव तथा बम-बम भोले के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया। श्रावण मास की महाशिवरात्रि के अवसर पर श्री परशुरामेश्वर महादेव मंदिर, पुरा में ऐतिहासिक मेला 9 से 11 अगस्त तक आयोजित किया जा रहा है। हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर पैदल कांवड़ यात्रा करते हुए पुरा महादेव पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। मंदिर की प्राचीन धार्मिक मान्यता और श्रद्धालुओं की गहरी आस्था के चलते पुरा महादेव कांवड़ यात्रा का प्रमुख पड़ाव माना जाता है। हवाई सर्वेक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों का भी निरीक्षण किया। जिला प्रशासन की ओर से शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं श्रद्धामय बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा कर जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों के प्रति सम्मान, सेवा और स्वागत की भावना का संदेश दिया। इस दौरान कांवड़ मार्गों पर आस्था और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला।