फिरोजाबाद। स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का संदेश देने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों के साथ स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई अभियान में श्रमदान किया। अधिकारियों को सफाई करते देख कॉलोनीवासियों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा। जिलाधिकारी ने मंदिर के समीप स्थित जागरण पंडाल और बारातघर के आसपास अधिकारियों के साथ फावड़ा चलाकर सफाई की। इसके बाद उन्होंने पैदल पूरी कॉलोनी का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कॉलोनी के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने नगर निगम एवं नगर पंचायत से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलोनी और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखवाए जाएं, ताकि लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय कूड़ेदान में ही डालें। उन्होंने कूड़ेदानों को नियमित रूप से खाली कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कॉलोनीवासियों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता को किसी एक अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के वातावरण की नियमित सफाई करने की आदत विकसित करनी होगी। प्रशासन अपने स्तर से प्रयास कर रहा है, लेकिन स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण बनाने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। स्वच्छता अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय सहित उप जिलाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों ने भी श्रमदान किया।
Jansaamna