Sunday, August 9, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सावन में घर बैठे मंगाएं सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद

सावन में घर बैठे मंगाएं सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद

➤ स्पीड पोस्ट से पहुंचेगा प्रसाद, सोमनाथ के लिए ₹270 और काशी विश्वनाथ के लिए ₹251 का ई-मनीऑर्डर

गुजरात। सावन के पावन महीने में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और प्रसाद पाने की श्रद्धालुओं की इच्छा अब घर बैठे पूरी हो सकेगी। देश के किसी भी कोने में रहने वाले श्रद्धालु डाक विभाग की स्पीड पोस्ट सेवा के माध्यम से प्रथम ज्योतिर्लिंग श्री सोमनाथ (गुजरात) और श्री काशी विश्वनाथ (वाराणसी) का प्रसाद मंगा सकेंगे। सावन माह को देखते हुए डाक विभाग ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि श्री सोमनाथ ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए समझौते के तहत श्रद्धालु मैनेजर, श्री सोमनाथ ट्रस्ट, प्रभास पाटन, जिला जूनागढ़, गुजरात-362268 के नाम 270 रुपये का ई-मनीऑर्डर भेजकर प्रसाद मंगा सकते हैं। ई-मनीऑर्डर पर ‘प्रसाद के लिए बुकिंग’ लिखना अनिवार्य होगा। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होने के बाद श्री सोमनाथ ट्रस्ट की ओर से श्रद्धालु के पते पर 400 ग्राम प्रसाद का पैकेट स्पीड पोस्ट से भेजा जाएगा। इसमें 200 ग्राम बेसन के लड्डू, 100 ग्राम तिल की चिक्की और 100 ग्राम मावा की चिक्की शामिल होगी।

₹251 में काशी विश्वनाथ का प्रसाद

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट और डाक विभाग के बीच हुए समझौते के तहत देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले श्रद्धालु अपने नजदीकी डाकघर से 251 रुपये का ई-मनीऑर्डर प्रवर अधीक्षक डाकघर, वाराणसी (पूर्वी) मंडल-221001 के नाम भेजकर काशी विश्वनाथ मंदिर का प्रसाद मंगा सकते हैं। ई-मनीऑर्डर प्राप्त होते ही डाक विभाग श्रद्धालु द्वारा दिए गए पते पर प्रसाद स्पीड पोस्ट के माध्यम से भेज देगा। काशी विश्वनाथ का यह प्रसाद सूखा होने के कारण लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

प्रसाद पैकेट में मिलेगा आस्था का पूरा संसार

काशी विश्वनाथ के प्रसाद पैकेट में श्री काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग की छवि, महामृत्युंजय यंत्र, श्री शिव चालीसा, 108 दानों की रुद्राक्ष माला, बेलपत्र, माता अन्नपूर्णा से भिक्षाटन करते भोले बाबा की छवि अंकित सिक्का, भभूति, रक्षा सूत्र, रुद्राक्ष मनका, मेवा और मिश्री का पैकेट सहित अन्य सामग्री शामिल होगी।

मोबाइल पर मिलेगा स्पीड पोस्ट का अपडेट

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि डाक विभाग ने श्रद्धालुओं को स्पीड पोस्ट की स्थिति की जानकारी मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की है। इसके लिए ई-मनीऑर्डर में श्रद्धालु को अपना पूरा पता, पिन कोड और मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा। डाक विभाग की यह पहल उन श्रद्धालुओं के लिए खास तौर पर उपयोगी है, जो सावन में काशी विश्वनाथ और सोमनाथ धाम नहीं पहुंच पा रहे हैं। अब डाकिया उनके घर तक भगवान शिव का प्रसाद पहुंचाकर आस्था को दूरियों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।