आगरा/मथुरा। आगरा मंडल ने जुलाई 2026 में टिकट जांच अभियानों के जरिए रेल राजस्व में 19.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। मंडल द्वारा विभिन्न रेल खंडों और प्रमुख स्टेशनों पर चलाए गए जांच अभियानों के दौरान 27,188 यात्रियों से कुल 2.58 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के दिशा-निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अंकित गुप्ता के नेतृत्व में मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र सिंह तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग संजय गौतम ने प्रभारी मुख्य टिकट निरीक्षकों और टिकट चेकिंग स्टाफ के साथ विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाए। इनमें रनिंग ट्रेन चेक, स्पॉट चेक, किलेबंदी चेक और मजिस्ट्रेट चेक सहित अन्य अभियान शामिल रहे। जुलाई माह में जांच के दौरान 13,955 बिना टिकट यात्रियों से 1.52 करोड़ रुपये, अनियमित यात्रा करने वाले 13,222 यात्रियों से 1.06 करोड़ रुपये तथा बिना बुक सामान ले जाने वाले 11 यात्रियों से 4,885 रुपये का रेल राजस्व अर्जित किया गया। इस तरह कुल 27,188 यात्रियों से 2.58 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। पिछले वर्ष इसी अवधि में 2.17 करोड़ रुपये की आय हुई थी। इस लिहाज से इस वर्ष करीब 19.29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि मंडल में इस तरह के टिकट जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि अनियमित यात्रा पर रोक लगाई जा सके। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें। साथ ही सीमा से अधिक सामान होने पर उसे बुक कराएं और रेल परिसर में गंदगी फैलाने तथा धूम्रपान से बचें।
Jansaamna