मथुरा। यमुना नदी में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। डीएम ने बताया कि मथुरा जनपद में यमुना नदी करीब 50 किलोमीटर तक बहती है और जिले को दो भागों में विभाजित करती है। उन्होंने कहा कि ओखला बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा है, लेकिन फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में आई बाढ़ के अनुभवों को देखते हुए इस बार पहले से ही व्यापक तैयारियां की गई हैं। संभावित प्रभावित लोगों के लिए शेल्टर होम तैयार कर दिए गए हैं। जल पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीमों को तैनात कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। एडीएम, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी लगातार फील्ड में रहकर हालात की निगरानी कर रहे हैं। डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि फिलहाल गंभीर बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना नहीं है, लेकिन जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। टीमें लगातार काम कर रही हैं, ताकि किसी भी ब्रजवासी या नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Jansaamna