Monday, August 10, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ब्रह्माकुमारीज़ ने दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का किया शुभारम्भ

ब्रह्माकुमारीज़ ने दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का किया शुभारम्भ

फिरोजाबाद। राष्ट्रव्यापी दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा जिले में अभियान का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए इसे जनभागीदारी पर आधारित एक राष्ट्रीय जनआंदोलन बनाना है। कार्यक्रम का शुभारम्भ ज्योति भवन, कैला देवी मंदिर के सामने ब्रह्माकुमारीज़ केंद्र पर मुख्य अतिथि अपर जिला जज श्याम बाबू, विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण अधिकारी राजमती, आरती, नगर निगम, सरिता दीदी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर नशा छोड़ने की प्रेरणा हेतु तंबाकू, सिगरेट, शराब, ड्रग्स, पान आदि के पात्रों ने नशामुक्ति लघु नाटिका प्रस्तुत की। अपर जिला जज ने कहा कि उन्होंने शिवानी बहन के कई प्रोग्राम सुने हैं और उनसे बहुत प्रभावित भी हैं। उनके द्वारा पॉजिटिव वाइब्रेशन और संकल्पों का अपनी परीक्षा के समय और कई लोगों एवं परिस्थितियों पर सफल प्रयोग किया है। उन्होंने माताओं से कहा कि आप जो चाहे सो कर सकती हैं। कोई भी माता या बहन अपने पति की, अपने बच्चे की और भाई की किसी भी नशे की आदत हमेशा के लिए छुड़ा सकती है। जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती ने कहा कि उनमें भले ही किसी प्रकार के नशे की कोई आदत नहीं है, लेकिन वो समाज को इन बुराइयों से दूर करने में दृढ़ संकल्पित हैं। बीके सरिता दीदी ने कहा कि नशे की लत के कारण घर-परिवार वालों को बहुत दुःख पहुंचता है और इसके कारण नशे की लत को पूरा करने के लिए चोरी आदि अपराध भी करने लग जाते हैं। कार्यक्रम में बीके अंजना बहन ने लगभग 400 से अधिक लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाई। इस अवसर पर सभी उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा लेकर स्वयं नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस दौरान राकेश गोयल, मनोज शर्मा, अंजना, खुशी, सपना, रिंकी, ओमलता, मधु, माधुरी आदि मौजूद रहे।