लखनऊ। प्रदेश के छह जिलों में अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा। भर्ती रैलियों की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें संबंधित विभागों और जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी व्यवस्थाओं की समय से समीक्षा कर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त चिकित्सकीय और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध रखने को भी कहा गया। मुख्य सचिव ने कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि मेरठ में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026, बरेली में 14 से 30 सितंबर 2026, लखनऊ में 11 से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में 2 से 27 फरवरी 2027, आगरा में 4 से 24 मार्च 2027 तथा अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक अग्निवीर भर्ती रैलियां आयोजित होंगी। बैठक में सचिव सामान्य प्रशासन अभिषेक प्रकाश, पुलिस कमिश्नर लखनऊ तरुण गाबा सहित भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, अयोध्या और मेरठ के जिलाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
Jansaamna