श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। कोसीकलां रेलवे स्टेशन पर बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ बिना बुक किए सामान ले जाने तथा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा अंकित गुप्ता के निर्देशन में की गई जांच के दौरान 60 यात्रियों से कुल 27,735 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जांच के दौरान कोसीकलां स्टेशन पर गाड़ी संख्या 64905, 64903, 11841, 12919, 18238, 12138, 14211, 64074 और 11906 में भी यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। इसमें 44 यात्री बिना टिकट यात्रा करते मिले, जिनसे 24,195 रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, अनियमित यात्रा करने वाले चार यात्रियों से 2,240 रुपये तथा स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले 12 यात्रियों से 1,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान मंडल वाणिज्य निरीक्षक कोसीकलां भुलेश पांडे, मुख्य टिकट निरीक्षक मथुरा हेमंत अग्रवाल सहित टिकट जांच कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मंडल में इस तरह के जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के साथ यात्रियों द्वारा बिना बुक किए सामान ले जाने तथा रेल परिसर में गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है।
Jansaamna