हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ प्रत्येक भारतीय के गौरव, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है। जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। जनपद का प्रत्येक परिवार अभियान से जुड़कर अपने घर पर तिरंगा फहराए और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गरिमा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाएं।
Jansaamna