फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने चनौरा स्थित एमआइएएफ प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों के शोषण का आरोप लगाते हुए नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार वाल्मीकि, प्रदेश महामंत्री विकास चंद्र वाल्मीकि ने नगर आयुक्त प्रशांत नागर को सौंपे ज्ञापन में कार्यदायी संस्था मैसर्स एनवायरनमेंट टेक्नो प्राइवेट लिमिटेड पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा किट के अभाव में बिना गमबूट, ग्लव्स व मास्क के नंगे हाथ-पैर कचरा छंटाई करने से कर्मचारी गंभीर स्किन इंफेक्शन के शिकार हो रहे हैं, जो सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स, 2016 का सीधा उल्लंघन है। 480 रुपये दिहाड़ी पर काम कर रहे मजदूरों द्वारा किट मांगने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। प्लांट पर बाल श्रम की भी अनदेखी हो रही है। संघ ने कर्मचारियों को 24 घंटे में सुरक्षा किट, पीड़ितों का निःशुल्क इलाज तथा दोषी ठेकेदार संस्था को तत्काल ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। यदि तीन दिनों में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में कामबंद हड़ताल की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Jansaamna