रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली के खेल-कूद संघ की ओर से स्वस्थ जीवनशैली, फिटनेस और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में करीब 250 बालक-बालिकाओं, महिलाओं और पुरुषों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को आयु एवं वर्ग के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में विभाजित किया गया था। पुरुष वर्ग में 7 से 10 वर्ष, 10 से 12 वर्ष, 12 से 15 वर्ष, 15 से 20 वर्ष, 20 से 35 वर्ष तथा 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रतिभागियों ने भाग लिया। महिला वर्ग में भी विभिन्न आयु वर्गों की प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को नियमित व्यायाम, साइकिलिंग और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में महिला वर्ग में रोहिनी ने प्रथम, पूजा पाल ने द्वितीय और संगीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रेम कुमार प्रथम, पंकज शर्मा द्वितीय और कांती पाल तृतीय रहे। 20 से 35 वर्ष वर्ग में दिलीप कुमार ने प्रथम, मुकेश ने द्वितीय और राजेश कुमार मीना ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रकार 15 से 20 वर्ष वर्ग में आकाश प्रथम, गुलशन द्वितीय और श्रेयांश तृतीय रहे। 12 से 15 वर्ष वर्ग में पीयूष कुमार ने प्रथम, मयंक कुमार ने द्वितीय और शिवबाबू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 10 से 12 वर्ष वर्ग में प्रियांशु प्रथम, आदित्य कुमार द्वितीय और आर्यन राज तृतीय रहे। 7 से 10 वर्ष वर्ग में हेमंत ने प्रथम, मौसम ने द्वितीय और अयंन राज ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर उप मुख्य सामग्री प्रबंधक अमरजीत कुमार, उप मुख्य यांत्रिक अभियंता एन.के. वर्मा, जनसंपर्क अधिकारी अनिल श्रीवास्तव एवं सहायक वित्त सलाहकार सुर्हिता खान उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन कर्मचारियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेलकूद के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सकारात्मक और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम का आयोजन आरेडिका के खेल विभाग द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मुन्ना सिंह तथा अमजद खान, मुख्य कार्यालय अधीक्षक/खेलकूद की प्रमुख भूमिका रही। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का परिचय दिया। उक्त जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डी.के. सक्सेना ने दी।
Jansaamna