श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान की शुरुआत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधा बल्लभ के मार्गदर्शन में उच्च प्राथमिक विद्यालय महावन, विकासखंड बलदेव में बच्चों को एलबेंडाजोल की गोली खिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौजूद रहे। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने बताया कि एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों में कृमि संक्रमण की आशंका रहती है। संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण की समस्या भी हो सकती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान के तहत एलबेंडाजोल की दवा जरूर खिलाएं। उन्होंने बताया कि कृमि मुक्ति अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाकर स्वस्थ रखना है। अभियान को सफल बनाने में अभिभावकों, शिक्षकों और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी ने बताया कि 14 अगस्त को जिले में मॉप अप राउंड चलाया जाएगा। इसके तहत कृमि मुक्ति दिवस पर स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों पर अनुपस्थित रहने अथवा किसी अन्य कारण से दवा खाने से वंचित रह गए बच्चों को चिह्नित कर दवा खिलाई जाएगी। कार्यक्रम में डॉ. वीएस सिसोदिया, चिकित्सा अधीक्षक बलदेव, विवेक कुमार, बीपीएम बलदेव, विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती ज्योति दीक्षित, अध्यापिका श्रीमती प्राची शर्मा, रेखा शर्मा, दीपमाला, पिंकी कुमार, रामवीर, कोमल प्रसाद, रिंकी, चित्रा रावत आदि मौजूद रहे।
Jansaamna