Sunday, August 16, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » एनटीपीसी ऊंचाहार में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

एनटीपीसी ऊंचाहार में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई। इसके बाद कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख बिस्व मोहन सिंह ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान, परेड सलामी और परेड निरीक्षण के बाद उन्होंने अपने संबोधन में एनटीपीसी ऊंचाहार की उपलब्धियों तथा भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आजादी की भावना के प्रतीक स्वरूप गुब्बारे छोड़े गए। टाउनशिप के विद्यालयों, पीडीएलसी और बाल भवन के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की शानदार कराटे प्रस्तुति ने भी लोगों का उत्साह बढ़ाया। वहीं, सीआईएसएफ फायर विंग ने तिरंगे के रंगों में वाटर कैनन प्रदर्शन कर समारोह को आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य एवं उपलब्धियों के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए गए। समाज सेवा और संवेदना की भावना को आगे बढ़ाते हुए स्वतंत्रता दिवस पर जीवन ज्योति अस्पताल में जेसीआई रायबरेली एवं रायबरेली चैरिटेबल ब्लड सेंटर के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। कर्मचारियों और समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर इस जीवनरक्षक पहल में योगदान दिया। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) आशुतोष बिस्वास, महाप्रबंधक (ऑपरेशन एवं एफएम) दिलीप कुमार साहू, मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार, सभी विभागाध्यक्ष, प्रियदर्शिनी लेडीज क्लब की अध्यक्षा रश्मि देबता सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य, यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का संचालन जनसंपर्क अधिकारी सलोनी शर्मा ने किया।