♦ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को घेरने की रणनीति तैयार!
♦ धर्मराज सिंह चौहान के कथित अपमान का बदला लेने के लिए एक मंच पर आए क्षत्रिय समाज के लोग।
♦ कानपुर नगर के रामादेवी चौराहा स्थित गेस्ट हाउस में हुई महापंचायत!
अखिलेश सिंह: कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश की राजनीति से इस वक्त की एक बड़ी और सनसनीखेज खबर ये है कि क्षत्रिय (ठाकुर) समाज के लोग उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के स्थानीय विधायक सतीश महाना के खिलाफ गोलबन्द होते दिखे। रामादेवी चौराहा स्थित एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित महापंचायत (चेतना सम्मेलन) के दौरान क्षत्रिय समाज के लोगों ने सतीश महाना को आगामी चुनावों में हराने का खुला ऐलान कर दिया है।
उल्लेखनीय यह है कि इस बगावत के पीछे धर्मराज सिंह चौहान का कथित अपमान मुख्य वजह बताई जा रही है। क्षत्रिय समाज के लोगों का आरोप है कि धर्मराज सिंह चौहान के साथ हुआ बर्ताव पूरे क्षत्रिय समाज का अपमान है।
इस दौरान सभा को सम्बोधित करने वाले वक्ताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाज के किसी भी व्यक्ति का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर मौजूद क्षत्रिय समाज के लोगों ने एकजुट होकर यह कसम खाई कि धर्मराज सिंह चौहान के अपमान का बदला लोकतांत्रिक तरीके से लिया जायेगा और सतीश महाना को चुनाव में हराया जाएगा।
इस दौरान अनेक वक्ताओं ने कहा कि जब से केन्द्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है तब से क्षत्रिय वर्ग का शोषण दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। इसे अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और आने वाले चुनाव में इसका हिसाब जरूर लिया जायेगा।
इस घटनाक्रम के बाद कानपुर की सियासत गरमा गई है। क्योंकि सतीश महाना, भाजपा के कद्दावर नेता माने जाते हैं। ऐसे में क्षत्रिय समाज की इस खुली चुनौती ने स्थानीय राजनीतिक में एक बड़ी हलचल पैदा कर दी है।

Jansaamna