Monday, August 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्वतंत्रता दिवस पर आगरा मंडल की हरित पहल, 2.01 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

स्वतंत्रता दिवस पर आगरा मंडल की हरित पहल, 2.01 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य

आगरा/मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आगरा मंडल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी पहल करते हुए 2 लाख 1 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। हरित रेलवे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान के तहत रेलवे परिसरों, रेल पटरियों के आसपास और उपलब्ध रेलवे भूमि पर पौधरोपण किया जाएगा। अभियान की शुरुआत उत्तर मध्य रेलवे संस्थान, आगरा में हुई। यहां मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, शाखा अधिकारियों तथा महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ईशानी गोयल समेत संगठन की सदस्यों ने पौधे लगाए। अधिकारियों के अनुसार, अभियान का उद्देश्य रेलवे की भूमि को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान देना है। पौधरोपण के लिए मंडल की विभिन्न इंजीनियरिंग इकाइयों को अलग-अलग लक्ष्य दिए गए हैं। सहायक मंडल इंजीनियर प्रथम, मथुरा को 30 हजार, सहायक मंडल इंजीनियर द्वितीय, मथुरा को 37 हजार, सहायक मंडल इंजीनियर/मुख्यालय को 30 हजार, सहायक मंडल इंजीनियर/लाइन/ईदगाह को 30 हजार, सहायक मंडल इंजीनियर/धौलपुर को 42 हजार तथा सहायक मंडल इंजीनियर/लाइन/आगरा को 32 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया है। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने कहा कि पौधरोपण केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने रेलकर्मियों से पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।