रायबरेली। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका), रायबरेली में 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। रेलवे सुरक्षा बल की परेड में उत्तर प्रदेश पूर्व सैनिक कल्याण निगम लिमिटेड के कर्मचारी तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चे भी शामिल हुए। महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने आरेडिका परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों के त्याग और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कर्मचारियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने आरेडिका की वर्ष 2025-26 की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि इस अवधि में 2,126 कोचों का निर्माण किया गया, जो अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन है। वित्त वर्ष 2026-27 में आरेडिका ने 16,000वां कोच बनाया। इसके अलावा वंदे भारत चेयर कार के प्रथम रेक का निर्माण किया गया है। मेमू एवं अमृत भारत 3.0 कोचों के निर्माण की जिम्मेदारी भी आरेडिका निभा रहा है। 8-कार फॉर्मेशन वाले मेमू के छह रेक तैयार हो चुके हैं, जबकि 12-कार फॉर्मेशन वाले मेमू के प्रथम प्रोटोटाइप पर कार्य जारी है।
महाप्रबंधक ने कहा कि उत्पादन के साथ सुरक्षा और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। आरेडिका ने पहली बार आरडीएसओ के लिए ट्रैक निरीक्षण एवं निगरानी कार का निर्माण कर जुलाई में सौंपा। यात्रियों की सुरक्षा के लिए फायरप्रूफ एलएचबी कोच भी विकसित किया जा रहा है, जिसका प्रथम कोच जून में तैयार किया गया। बेहतर गुणवत्ता नियंत्रण और आधुनिक तकनीक के लिए शेल शॉप, बोगी शॉप समेत अन्य शॉपों में नई मशीनें एवं सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं। फोर्ज्ड व्हील प्लांट ने भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में निर्धारित 50,000 पहियों के लक्ष्य के मुकाबले 59,301 पहियों का उत्पादन किया। आरेडिका में ‘क्वालिटी प्रथम’ एवं ‘शून्य डिफेक्ट’ की अवधारणा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कर्मचारी कल्याण एवं कौशल विकास के तहत 845 कर्मचारियों को सेफ्टी काउंसलिंग तथा 1,113 कर्मचारियों को फायर फाइटिंग ट्रेनिंग दी गई। रेल कौशल विकास योजना के तहत अब तक 1,248 स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि एक्ट अप्रेंटिस के अंतर्गत 153 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जुलाई तक 19 हजार पौधे लगाए गए। वित्त वर्ष 2025-26 में 112 मिलियन लीटर भूजल का संरक्षण किया गया। इसी अवधि में 1,051 किलोवाट अतिरिक्त सौर क्षमता स्थापित होने से आरेडिका की कुल सौर ऊर्जा क्षमता करीब 5.13 मेगावाट हो गई। इससे लगभग 52 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन हुआ और करीब तीन करोड़ रुपये की बचत हुई। आवास संबंधी शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए आरवीएमएस डिजिटल ऐप शुरू किया गया है। खेल एवं कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में भी आरेडिका की उपलब्धियां उल्लेखनीय रहीं। ऑल इंडिया रेलवे हॉकी एवं गोल्फ प्रतियोगिताओं के आयोजन की जिम्मेदारी मिलना संस्थान के लिए गौरव का विषय है। आरेडिका की खिलाड़ी मुनिता प्रजापति ने सीनियर अंतर-राज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर संस्थान का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में आरेडिका सांस्कृतिक संगठन, ज्ञानदा बाल मंदिर तथा स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने देशभक्ति गीत एवं समूह लोकनृत्य सहित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आवासीय परिसर स्थित ज्ञानदा बाल मंदिर में आरेडिका महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा कंचना रामन ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान महिला कल्याण संगठन की अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहीं। हर घर तिरंगा अभियान के तहत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने घरों एवं जन सेवा भवनों पर तिरंगा फहराया तथा सेवा भवनों को तिरंगे के रंग में सजाया गया। कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक रामन कृष्णन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला कल्याण संगठन, यूनियनों एवं एसोसिएशनों के समर्पण और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आरेडिका की प्रत्येक उपलब्धि पूरे आरेडिका परिवार की सामूहिक उपलब्धि है। उन्होंने सभी से गुणवत्ता, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण एवं कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में मिलकर कार्य करते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उक्त जानकारी डी.के. सक्सेना, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, आरेडिका ने दी।
Jansaamna