हाथरस। जिलेभर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और विभिन्न संस्थाओं में ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को नमन किया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा यात्राएं, देशभक्ति गीत, मिष्ठान वितरण और बच्चों के सम्मान के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य आयोजन शहीद स्मारक स्थल पर हुआ, जहां राज्य मंत्री राजस्व विभाग सुरेंद्र दिलेर ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहीद परिवारों को शॉल एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद शहीद स्मारक स्थल से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमजन ने भाग लिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंज उठा।
शहर में सिद्ध गोपाल सेवा ट्रस्ट समिति, हरि सत्संग भवन, गौशाला मार्ग पर ध्वजारोहण एवं मिष्ठान वितरण किया गया। लायंस क्लब आस्था एवं पंजाबी मार्केट रिटेल कपड़ा कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. रामानंद कुशवाहा ने ध्वजारोहण कर शहीदों को नमन किया। वरिष्ठ पत्रकार उमाशंकर जैन की ओर से उनका स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन व्यापारी नेता योगेंद्र शर्मा ‘योगा पंडित’ ने किया। श्री रामबाग इंटर कॉलेज में प्रबंधक ओमप्रकाश कलसावालों ने ध्वजारोहण किया। छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। मुख्य अतिथि यज्ञ दत्त गौतम एडवोकेट तथा विशिष्ट अतिथि आशीष सेंगर ने विद्यार्थियों को राष्ट्रहित, अनुशासन और कर्तव्य भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
समाज कल्याण एवं शांति संगठन (स्वापो) ने नाई का नगला स्थित मोहनगंज प्राथमिक विद्यालय में ध्वजारोहण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को आवश्यक सामग्री और उपहार वितरित किए। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) पार्टी ने कार्यालय पर ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी तथा सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे का संकल्प लिया। सासनी में तहसील, कोतवाली, नगर पंचायत, केएल जैन इंटर कॉलेज, कन्या इंटर कॉलेज, विद्यापीठ इंटर कॉलेज, यूनियन पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण हुआ। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तिरंगा यात्राएं, प्रभात फेरियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बच्चों ने देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से लोगों का मन मोह लिया।
विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल सासनी प्रखंड ने केएल जैन इंटर कॉलेज में अखंड भारत संकल्प दिवस मनाया। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्र सेवा, चरित्र निर्माण और नशामुक्ति का संकल्प लेने का आह्वान किया। राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्राचीन हनुमान मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ कर विश्व कल्याण की कामना की। गांव खेड़ा फिरोजपुर में अमर शहीद रूप राम किशोर की स्मृति में तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और बच्चों को कॉपियां एवं पेन वितरित किए गए। भोजगढ़ी स्थित मानसिक मंदबुद्धि दिव्यांग सशक्तीकरण सेवा संस्था में भी ध्वजारोहण कर दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया गया। इस दौरान पूरे जनपद में स्वतंत्रता दिवस समारोहों ने राष्ट्रीय एकता, शहीदों के सम्मान और देशप्रेम की भावना को और मजबूत किया। लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Jansaamna