Monday, August 17, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » सुहागनगरी के शिक्षण संस्थानों में गूंजे राष्ट्रभक्ति के तराने

सुहागनगरी के शिक्षण संस्थानों में गूंजे राष्ट्रभक्ति के तराने

फिरोजाबाद। सुहागनगरी के शिक्षण संस्थानों में 80वां स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें बच्चों ने देशभक्ति के गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिए। नगर के एस.एच.जे. मॉडर्न स्कूल में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश शर्मा ने किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य, एक्शन सॉन्ग, कविता पाठ, भाषण, संवाद, फैंसी ड्रेस, रोल प्ले एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देश के स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम को अभिव्यक्त किया। संस्थान के निदेशक ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी “विविधता में एकता” है। हमारा देश अनेक धर्मों, भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का संगम है, लेकिन हमारी पहचान सबसे पहले एक भारतीय के रूप में है। कार्यक्रम में सीईओ शिवम शर्मा, मीनाक्षी गुप्ता, नीतू जैन, मीना उपाध्याय, प्रीती जैन, आशुमिता शर्मा, रवि कर्ण सिंह आदि मौजूद रहे। आईवी इंटरनेशनल स्कूल में ध्वजारोहण प्रधानाचार्या डॉ. नंदिनी यादव ने किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविताएं, भाषण, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। सभी ने देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए संकल्प लिया।

किड्स कॉर्नर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ध्वजारोहण एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ने किया। एडमिनिस्ट्रेटर डॉ. मयंक भटनागर एवं प्रधानाचार्या रूपाली भटनागर ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के मूल्यों को समझने तथा देश की प्रगति में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मैनेजर मुकुल भटनागर, सीईओ विख्यात भटनागर, दीपाली भटनागर आदि मौजूद रहे। इसके अलावा रॉयल सिटी पब्लिक स्कूल में ध्वजारोहण संस्थान के राकेश कुलश्रेष्ठ, मनोज श्रीवास्तव एवं दिलीप जैन ने किया। महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम हाईस्कूल में ध्वजारोहण अतिथियों द्वारा किया गया। महात्मा गांधी शिक्षण संस्थान के सभी स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में चार-चांद लगा दिए।