फिरोजाबाद। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, कलेक्ट्रेट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता के साथ ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हमें सीमा पर युद्ध लड़ने का अवसर भले न मिले, लेकिन अपनी दैनिक कार्यशैली में खुशी और आत्मसंतोष के भाव से जनहित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के प्रति गहरा आभार प्रकट करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में शहीदों की स्मृति में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं, पुलिस लाइन में एसएसपी आदित्य लांग्हे, विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, सीएमओ कार्यालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामबदन राम, नगर निगम में महापौर कामिनी राठौर एवं नगर आयुक्त प्रशांत माहेश्वरी तथा सदर ब्लॉक में डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव ने ध्वजारोहण किया।
Jansaamna