➤ मुख्य सचिव ने आयोगों और भर्ती बोर्डों के अधिकारियों के साथ की बैठक
लखनऊ। प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और सरकारी भर्तियों की चयन प्रक्रिया को समयबद्ध करने को लेकर सोमवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल ने विभिन्न आयोगों और भर्ती बोर्डों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े, इसके लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत है। मुख्य सचिव ने कहा कि चयन आयोगों और भर्ती संस्थाओं को अपनी स्वायत्तता और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए परीक्षाओं, परिणाम, अभिलेख सत्यापन और नियुक्ति की प्रक्रिया को तय समयसीमा में पूरा करने का प्रयास करना चाहिए। इसके लिए वार्षिक कैलेंडर तैयार करने और उसका प्रभावी ढंग से पालन करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता बनाए रखने के साथ आधुनिक तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल की आवश्यकता बताई। इससे परीक्षा प्रक्रिया को सुरक्षित और सुगम बनाने के साथ अभ्यर्थियों को होने वाली असुविधा को भी कम किया जा सकेगा। बैठक में विभिन्न आयोगों और भर्ती बोर्डों के अधिकारियों ने भर्ती परीक्षाओं की प्रगति और चयन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी दी। साथ ही लंबित प्रक्रियाओं की नियमित समीक्षा और भर्ती संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर अमृता सोनी सहित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Jansaamna