Tuesday, August 18, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजायमान हुए शिव मंदिर

हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजायमान हुए शिव मंदिर

फिरोजाबाद। सावन का तीसरा सोमवार बेहद खास संयोग लेकर आया है। इसी दिन नाग पंचमी, सिंह संक्रांति, शुभ योग और रवि योग का एक दुर्लभ और महासंयोग बना है। सुबह से ही नगर के शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। शिवभक्तों ने अपने आराध्य देव भगवान शिव का विधि-विधान से अभिषेक कर मन्नौती मांगी। सुहागनगरी में सावन के तीसरे सोमवार पर शिवालयों में सुबह से शिवभक्तों का तांता लगा गया। भक्तों ने अपने आराध्य देव का दुग्धाभिषेक कर, फल, फूल, बेलपत्र, धतूरा आदि चढ़ाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में सुबह से भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने लाइन में लगकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया। शहर के गोपाल आश्रम स्थित सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर, गंज मोहल्ला स्थित सिद्धेश्वरनाथ महादेव मंदिर, लाला कुंजी लाल की बगीची स्थित चंद्रेश्वर महादेव के अलावा कैला देवी मंदिर, गल्ला मंडी स्थित रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पंचमुखी महादेव मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। वहीं, शहर से आठ किलोमीटर दूर सांती स्थित शातेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर मन्नौती मांगी। देर शाम शिवालयों में भव्य फूल बंगला सजाया गया। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।