श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सद्भावना का संदेश लेकर निकली राजीव गांधी ज्योति सद्भावना यात्रा सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे मथुरा पहुंची। गोवर्धन चौराहे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर मुकेश धनगर ने कहा कि राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल में देश को आधुनिक सोच और तकनीकी विकास की दिशा में आगे बढ़ाया। उनकी प्रेरणा से यह यात्रा एकता और सद्भावना का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा केवल राजीव गांधी को स्मरण करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी है। आयोजकों के अनुसार यह 35वीं यात्रा विभिन्न राज्यों से होते हुए 19 अगस्त को नई दिल्ली पहुंचेगी। इसके बाद 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की स्मृति स्थल वीर भूमि पर यात्रा का समापन होगा। इस दौरान देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता जुटेंगे तथा राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेंगे। मथुरा में यात्रा के स्वागत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। आयोजकों ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज में सद्भावना, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
स्वागत कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, उमेश शर्मा, आदित्य तिवारी, अप्रतिम सक्सेना, पंकज चौधरी, बलवीर प्रधान, हाशिम हुमेर, रवि वाल्मीकि, रमेश कश्यप, खुशी राम पटेल, पुनीत शर्मा, नदीम अहमद, करन निषाद, अशोक निषाद, धीरज शर्मा, धर्मेंद्र प्रधान, दीपक दीक्षित, अमित दीक्षित, महेश चौबे, सरवन अहमद, आशीष अग्रवाल, अबरार कुरैशी, जिलानी कादरी, राजेश कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jansaamna