Wednesday, August 19, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर निगम में दिया धरना

ठेका सफाई कर्मचारी संघ ने नगर निगम में दिया धरना

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेशीय ठेका सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में नगर निगम में कार्यरत समस्त ठेका सफाई कर्मचारियों ने आगरा नगर निगम की भांति 15,007 रुपये मासिक वेतन बढ़ाए जाने की मांग को लेकर नगर निगम परिसर में धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रांतीय महामंत्री योगेश सरन और ठेका सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष आचार्य कृष्ण मुरारी ने कहा कि इस भीषण महंगाई में ठेका सफाई कर्मचारी अपने परिवार का जीवन-यापन नहीं कर पा रहे हैं। कर्मचारियों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। कई बार निगम प्रशासन को लिखित ज्ञापन देने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। मंगलवार को कर्मचारियों के सब्र का बांध टूट गया और वे नगर निगम प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने नगर आयुक्त से 15,007 रुपये की वेतन वृद्धि इसी माह से लागू करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन के दौरान नगर आयुक्त प्रशांत नागर, अपर नगर आयुक्त एवं स्वास्थ्य प्रभारी से वार्ता हुई। वार्ता में समस्त ठेका सफाई कर्मचारियों को शीघ्र ही आगरा नगर निगम की भांति आगामी माह से बढ़ा हुआ वेतन देने का आश्वासन दिया गया। धरना-प्रदर्शन में अशोक मोती वाल्मीकि, जालिम सिंह वाल्मीकि, सुभाष भारती, विनय चौहान, पवनदीप चौहान, सोनू चौहान, मुन्नालाल टार्जन, अमित राय, रोहित करोसिया, विक्रम चौहान, अमित राही, राहुल परमार, लक्ष्मण सिंह, दीपक कुमार, अरविंद कुमार, मनमोहन सिंह, रामकुमार, रोबिन सिंह, अमन दयाल विक्की आदि मौजूद रहे।