Wednesday, August 19, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 16 के चालान और छह वाहन निरुद्ध

स्कूली वाहनों पर परिवहन विभाग की सख्ती, 16 के चालान और छह वाहन निरुद्ध

श्याम बिहारी भार्गव: मथुरा। स्कूली वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर परिवहन विभाग का विशेष सघन जांच एवं चेकिंग अभियान जारी है। 11 से 25 अगस्त तक चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ के तहत मंगलवार को जिले में स्कूली बसों, वैन और निजी एवं अनुबंधित वाहनों की जांच की गई। वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान वाहनों की फिटनेस, परमिट, प्राथमिक उपचार बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, चालकों की योग्यता और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। मांट तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में चेकिंग के दौरान स्कूलों में बच्चों को लाने-ले जाने में इस्तेमाल हो रहे चार प्राइवेट ईको वाहनों और बिना वैध प्रपत्रों के संचालित एक स्कूल बस को थाने में निरुद्ध किया गया। परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 16 वाहनों के चालान किए गए, जबकि छह स्कूली वाहनों को निरुद्ध किया गया। इसके अलावा चार ट्रैक्टर और एक ओवरलोड वाहन को भी थाना शेरगढ़ और राया यार्ड में निरुद्ध किया गया। विभाग ने ऐसे 16 स्कूली वाहनों के पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई भी शुरू की है, जिनकी फिटनेस नहीं कराई जा रही थी या जिनके परमिट जारी नहीं कराए गए थे। अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को अपने वाहनों की फिटनेस जांच और परमिट का नवीनीकरण तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं। एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि जिन स्कूली वाहनों की फिटनेस समाप्त हुए 30 दिन से अधिक समय हो चुका है और इसके बावजूद फिटनेस नहीं कराई गई है, उनके खिलाफ मोटर यान अधिनियम-1988 की धारा 53 के तहत पंजीयन निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी। बिना वैध फिटनेस और परमिट के संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।