Wednesday, August 19, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » राशन वितरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 25 अगस्त तक मिलेगा खाद्यान्न

राशन वितरण की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 25 अगस्त तक मिलेगा खाद्यान्न

हाथरस। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत माह अगस्त 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न के वितरण की अंतिम तिथि शासन ने बढ़ाकर 25 अगस्त 2026 कर दी है। पहले खाद्यान्न वितरण की अवधि 5 अगस्त से 18 अगस्त तक निर्धारित थी, लेकिन कांवड़ यात्रा के कारण कई जनपदों में खाद्यान्न का उठान एवं वितरण अपेक्षित गति से नहीं हो सका। आयुक्त, खाद्य तथा रसद विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 18 अगस्त को जारी निर्देशों के अनुसार सभी पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वितरण की अवधि 25 अगस्त तक बढ़ाई गई है। इस अवधि में ई-पॉस मशीन के माध्यम से आधार आधारित वितरण जारी रहेगा।

आधार प्रमाणीकरण में दिक्कत वाले कार्डधारकों को मोबाइल ओटीपी वेरिफिकेशन की सुविधा भी 25 अगस्त को उपलब्ध रहेगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी आवश्यक वस्तुएं प्राप्त कर लें। खाद्यान्न के निःशुल्क वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। राशन विक्रेता अपनी दुकान पर उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रांजेक्शन कर सकेंगे। विभाग ने कहा है कि किसी भी प्रकार की असुविधा या शिकायत होने पर संबंधित तहसील के आपूर्ति कार्यालय अथवा जिला पूर्ति कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।