फिरोजाबाद। नारी जागरण सेवा संस्थान द्वारा आजाद नगर में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को बचत, बैंकिंग सेवाओं, बैंकिंग उत्पादों, जमाकर्ताओं के अधिकार, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी गई। पार्षद उषा शंखवार ने कहा कि नियमित बचत और बैंकिंग सेवाओं के सही उपयोग से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से डिजिटल लेनदेन करते समय सावधानी बरतने और साइबर ठगी के प्रति जागरूक रहने की अपील की। रविंद्र सिंह ने कहा कि वित्तीय जागरूकता केवल बैंक खाता खुलवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को अपने अधिकारों, बैंकिंग सुविधाओं और सुरक्षित लेनदेन की पूरी जानकारी होना जरूरी है। उमेश राठौर ने कहा कि डिजिटल बैंकिंग ने लोगों के लिए लेनदेन को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ सावधानी बरतना भी आवश्यक है। संस्थान के अंकित शर्मा ने जमाकर्ताओं के अधिकार, बैंकिंग शिकायत निवारण व्यवस्था, सुरक्षित बैंकिंग तथा डिजिटल भुगतान के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सचिव कौशल किशोर शर्मा ने कहा कि संस्थान भारतीय रिजर्व बैंक के सहयोग से लगातार विभिन्न क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित बैंकिंग, नियमित बचत और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। संचालन राजेश राज ने किया।
Jansaamna