Thursday, August 20, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » चेयरमैन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने ऊंचाहार नगर पंचायत को एनटीपीसी प्रभावित क्षेत्र में शामिल करने को कहा

चेयरमैन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने ऊंचाहार नगर पंचायत को एनटीपीसी प्रभावित क्षेत्र में शामिल करने को कहा

ऊंचाहार, रायबरेली। नगर पंचायत ऊंचाहार को एनटीपीसी से प्रभावित क्षेत्र में शामिल कराने की नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल की पहल अब रंग लाती दिख रही है। चेयरमैन की शिकायत पर जिला प्रशासन ने एनटीपीसी को पत्र लिखकर इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा की है। कुछ दिन पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने जिलाधिकारी को पत्र देकर बताया था कि ऊंचाहार नगर क्षेत्र एनटीपीसी के प्रदूषण सहित अन्य प्रभावों से प्रभावित है। इसके बावजूद नगर क्षेत्र को एनटीपीसी के प्रभावित क्षेत्र में शामिल नहीं किया गया है। इसके कारण एनटीपीसी की ओर से नगर क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है। अध्यक्ष ने यह भी शिकायत की थी कि एनटीपीसी की सीएसआर संबंधी बैठकों में नगर निकाय को आमंत्रित नहीं किया जाता है। उन्होंने जिलाधिकारी से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर नगर पंचायत को एनटीपीसी के प्रभावित क्षेत्र में शामिल किए जाने की मांग की थी। अब जिला प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने एनटीपीसी को पत्र भेजा है। पत्र में नगर पंचायत अध्यक्ष की मांग को व्यवहारिक दृष्टिकोण से उचित बताते हुए मामले में सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा की गई है। जिला प्रशासन के इस कदम के बाद नगरवासियों में उम्मीद जगी है कि यदि एनटीपीसी नगर पंचायत क्षेत्र को प्रभावित क्षेत्र में शामिल करती है तो नगर के विकास को गति मिल सकती है। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, स्वच्छता सहित कई बुनियादी समस्याओं के समाधान में एनटीपीसी की सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से सहयोग मिलने की संभावना है।