मथुरा। मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, आगरा मंडल अंकित गुप्ता ने मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अंकित गुप्ता ने पे एंड यूज शौचालय, खानपान स्टॉल एवं यूनिट, विश्रामालय सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई और यात्रियों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ खानपान और अन्य सेवाओं में निर्धारित दरों एवं नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यात्रियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन निदेशक सुनील शर्मा एवं वाणिज्य सुपरवाइजरों के साथ बैठक भी की। बैठक में स्टेशन की वाणिज्यिक गतिविधियों और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। यात्रियों को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अंकित गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को यात्री सुविधाओं के प्रति सजग रहने तथा रेलवे के निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं और खानपान इकाइयों में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Home » मुख्य समाचार » मथुरा जंक्शन पर यात्री सुविधाओं का वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने किया निरीक्षण
Jansaamna