Thursday, August 20, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » नगला खंगर पुलिस ने पांच लाख रुपये कीमत की शराब बरामद की

नगला खंगर पुलिस ने पांच लाख रुपये कीमत की शराब बरामद की

शिकोहाबाद। थाना नगला खंगर पुलिस ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार्रवाई करते हुए बुलेरो पिकअप वाहन से तस्करी कर ले जाई जा रही राजस्थान निर्मित 131 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब में कुल 6288 क्वार्टर हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 3 हजार 40 रुपये बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना नगला खंगर इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि एक बुलेरो पिकअप में अवैध शराब तस्करी कर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन का पीछा शुरू किया। पुलिस के पीछा करने के दौरान बुलेरो पिकअप आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या-65 पर लखनऊ की ओर जाने वाली लेन में डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इसी दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पिकअप की तलाशी ली तो उसमें राजस्थान निर्मित 131 पेटी, कुल 6288 क्वार्टर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से एक ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड भी मिले। बरामद दस्तावेजों के आधार पर चालक की पहचान मुकेश सिंह निवासी लोहा काना खुर्द, तहसील विराटनगर, जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं वाहन महेंद्र कुमार निवासी चक छजना, तहसील कंडेला, जनपद सीकर, राजस्थान के नाम पंजीकृत बताया गया है। पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर आबकारी अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फरार चालक की तलाश के साथ ही मामले की जांच की जा रही है।