Friday, August 21, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर ठेका सफाई कर्मचारियों ने निगम में दिया धरना

वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर ठेका सफाई कर्मचारियों ने निगम में दिया धरना

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश ठेका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले आउटसोर्सिंग एवं ठेका सफाई कर्मचारियों, ड्राइवरों, हेल्परों, मिस्त्रियों तथा डोर-टू-डोर कर्मचारियों ने वेतन विसंगति दूर करने और बढ़ी हुई दरों से मानदेय भुगतान की मांग को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त के नाम अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की गुहार लगाई है। साथ ही मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष विवेक वाल्मीकि ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर जब तक ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। यदि 10 दिनों के अंदर, 31 अगस्त 2026 तक हमारी वेतन वृद्धि की मांग पूरी नहीं की गई, तो एक सितंबर से सभी आउटसोर्सिंग कर्मचारी पांच दिनों की पूर्ण कामबंद हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बाद भी मांगें न माने जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। प्रदेश महामंत्री विकास चंद्र वाल्मीकि ने कहा कि आगरा नगर निगम द्वारा ठेका सफाई कर्मचारियों के खातों में 15,007 रुपये का वेतन हस्तांतरित किया जा रहा है, जबकि फिरोजाबाद नगर निगम में कर्मचारियों को मात्र 11,400 रुपये दिए जा रहे हैं। यह दोहरा रवैया और भेदभाव किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धरना स्थल पर पहुंचे कई पार्षदों ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनकी समस्याओं और वेतन बढ़ोतरी के मुद्दे पर नगर निगम प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। धरना प्रदर्शन में प्रवीण उमराय, अमरजीत शेरा, अनिकेत चौहान, निगम वाल्मीकि, रोहित चौहान, सचिन वाल्मीकि, अमित, दिनेश दास पचौरी, नितिन चौहान, अविनाश कुमार, पप्पू, केशव, राजेश, रविंद्र चौहान, कोमल वाल्मीकि, राहुल वाल्मीकि, रौनक वाल्मीकि, योगेश गांगुली, विवेक कुमार, राजकुमार, योगेंद्र ठाकुर आदि मौजूद रहे।