मथुरा। उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने आगरा-मथुरा रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन कार्यों और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से हुई। यहां अपर महाप्रबंधक ने प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज सहित अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के आवागमन और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एलएचएस संख्या 521, फरह-बाद तथा एलएचएस संख्या 520 का निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों से दोनों स्थानों की स्थिति और रखरखाव की जानकारी लेते हुए उन्होंने संरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की।
मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचने पर अपर महाप्रबंधक ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय एंट्री का निरीक्षण किया। प्लेटफॉर्म नंबर एक, पे एंड यूज सुविधा समेत अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने बेहतर यात्री प्रबंधन और सुविधाओं पर जोर दिया। उन्होंने मथुरा जंक्शन की सेकंड एवं थर्ड एंट्री पर निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का भी निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की जानकारी ली। इसके अलावा सेकंड एंट्री की लिफ्ट तथा स्टेशन यार्ड में दिल्ली एंड की प्वाइंट एवं क्रॉसिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में राजा की मंडी रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और नव निर्मित कार्यों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अपर महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Jansaamna