Saturday, August 22, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » 115वें लक्खी मेला दाऊजी महाराज की तैयारियां शुरू, कार्यक्रमों के लिए आए 104 आवेदन

115वें लक्खी मेला दाऊजी महाराज की तैयारियां शुरू, कार्यक्रमों के लिए आए 104 आवेदन

हाथरस। ब्रज के सुप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक 115वें विशाल लक्खी राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव-2026 के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 15 सितंबर से शुरू होने वाले मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल, कवि सम्मेलन, संगीत सम्मेलन, मुशायरा, लाफ्टर शो सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने आवेदन मांगे थे। निर्धारित अंतिम तिथि 20 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के लिए कुल 104 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मेले के मुख्य आकर्षण अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के आयोजन को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह है। दंगल के आयोजन के लिए पांच लोगों ने आवेदन किया है। हालांकि, जिला प्रशासन ने अभी आवेदकों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि निर्धारित तिथि तक मेले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के लिए कुल 104 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देशन में आवेदनों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही मेले में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की सूची घोषित की जाएगी।

व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश

मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। मेला परिसर में साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि ऐतिहासिक लक्खी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सभी कार्यक्रमों का भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन कराया जाए।