Sunday, August 23, 2026
Breaking News
Home » मुख्य समाचार » महापौर ने कन्हैया नगर में सड़क निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ

महापौर ने कन्हैया नगर में सड़क निर्माण कार्यों का किया शुभारंभ

फिरोजाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा की प्रेरणा और मार्गदर्शन में नगर निगम द्वारा शहर में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में महापौर कामिनी राठौर ने वार्ड संख्या 19 के मोहल्ला कन्हैया नगर में करीब 70 लाख रुपये की लागत से होने वाले सड़क निर्माण कार्यों का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। ये निर्माण कार्य नगर निगम द्वारा एनकेप योजना के अंतर्गत कराए जाएंगे। महापौर कामिनी राठौर ने कन्हैया नगर में हवन-पूजन कर सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। करीब 40 लाख 99 हजार रुपये की लागत से राजकिशोर की बगीची में अजय गुप्ता से रमेश यादव, सचिन से नरेंद्र, लखन सिंह वाली गली, रमेश यादव से सुनील यादव, सत्य प्रकाश वाली गली एवं साबे से राजेश गुप्ता तक सीसी सड़क सुधार कार्य कराया जाएगा। इसके साथ दोनों साइड कलर्ड स्ट्रिप, इंटरलॉकिंग द्वारा साइड पटरी का निर्माण तथा ट्री गार्ड के साथ पौधरोपण कार्य भी कराया जाएगा। इसी वार्ड में 29 लाख 84 हजार रुपये की लागत से एमआरएफ सेंटर के सामने आरसीसी नाली एवं सीसी सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा। महापौर ने कहा कि इन विकास कार्यों का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना तथा नागरिकों के जीवन को सुगम और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने संबंधित ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नानक चंद्र अग्रवाल, पूर्व विधायक ओमप्रकाश वर्मा, गोसेवा आयोग के सदस्य रमाकांत उपाध्याय, कन्हैयालाल गुप्ता, प्रमोद बघेल, देवेश भारद्वाज, योगेंद्र सिंह बाबा, देशदीपक गुप्ता, भारत सिंह वर्मा, उपसभापति केशवदेव कुशवाहा, डीपी सिंह राठौर, आकाश गुप्ता, भानू उपाध्याय आदि मौजूद रहे।